रांची। राज्य सरकार ने सभी जिलों में जाति, आय, स्थानीय निवासी और इडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार और राजभाषा विभाग, झारखंड ने बताया है कि आज से अगले शुक्रवार (7 अगस्त) तक इन प्रमाणपत्रों को बनाए जाने के लिए आवेदन लिए जाने के अलावा उसका वितरण किया जाएगा। विभागीय सचिव प्रवीण टोप्पो के अनुसार, 7 अगस्त तक विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाने और उसके वितरण के लिए अभियान चलाये जाने की तैयारी है। इस दौरान आय, जाति, स्थानीय और अन्य प्रमाण पत्र बनाए जाने के अलावा इसके लिए लंबित सभी आवेदनों के आलोक में प्रमाण पत्र भी निर्गत किए जाएंगे। इस अभियान के लिए सभी जिलों के अंचल कार्यालयों और अन्य निर्धारित स्थलों पर कार्यालय अवधि में कैंप का आयोजन किया जाएगा। कार्मिक विभाग ने इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति की अपेक्षा जतायी है ।