मेदिनीनगर। सिख धर्म के संस्थापक जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के तत्वावधान में तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में मेमोरियल हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में सभा के अध्यक्ष सतबीर सिंह राजा ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

श्री राजा ने बताया कि उत्सव की शुरुआत 22 नवंबर (रविवार) को होगी। इस दिन शाम 4 बजे से पुलिस लाइन स्टेडियम में विश्व प्रसिद्ध 'खालसा गदका संगठन' के कलाकारों द्वारा हैरतअंगेज गदका और मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अगले दिन 23 नवंबर को सुबह 11 बजे से भव्य शोभा यात्रा और नगर कीर्तन निकाला जाएगा। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पंज प्यारों की अगुवाई में निकलने वाली यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः बेलवाटिका गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न होगी।

24 नवंबर को सुबह 11 बजे से श्री गुरु तेग बहादुर मेमोरियल हॉल में मुख्य दीवान सजाया जाएगा। इसमें पंथ शिरोमणि व ख्याति प्राप्त रागी जत्था और ज्ञानी जी शबद-कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की जीवनी पर प्रकाश डालेंगे। इसके पश्चात दोपहर 2:30 बजे से गुरु का अटूट लंगर वितरित किया जाएगा। वहीं, रात 8 बजे से मध्य रात्रि तक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में रात्रि दीवान सजेगा और भव्य आतिशबाजी की जाएगी।

मौके पर गुरुबीर सिंह गोलू ने बताया कि इस पावन अवसर पर दरबार साहिब अमृतसर (बंगाल) के सेवानिवृत्त रागी वीरेंद्र सिंह और टी-सीरीज के गायक दलजीत सिंह परवाना सहित कई अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। अध्यक्ष श्री राजा ने शहर और जिलेवासियों से सभी कार्यक्रमों में शामिल होकर पुण्य का भागी बनने की अपील की है।

प्रेस वार्ता में रागी सुंदर सिंह, हरप्रीत सिंह काकू, सोनम सिंह, सोनू सिंह नामधारी, राजेंद्र सिंह बंटी, राजेंद्र सिंह होरा, त्रिलोचन सिंह, चिंटू मनप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह ठकराल सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद थे।