रांची। राजधानी रांची में आपराधिक गतिविधियों और रंगदारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर राहुल दुबे गिरोह के साथ दूसरी मुठभेड़ में बड़ी सफलता हासिल की है। धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो में शुक्रवार को हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इसके साथ ही अलग-अलग जगहों पर घेराबंदी कर गिरोह के कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से चार से अधिक पिस्टल, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।
घटना की शुरुआत बीती रात कांके थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में कोयला कारोबारी संजय करमाली के आवास पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से हुई थी। इसके अलावा हजारीबाग के एक होटल और बुढ़मू के छापर बालू घाट पर हुई गोलीबारी में भी इसी गिरोह की संलिप्तता सामने आई थी। कारोबारियों में दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलने की इन घटनाओं के बाद गठित पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अपराधियों की घेराबंदी की।
पूछताछ और छापेमारी के आधार पर चार अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद धुर्वा में पांचवें अपराधी की लोकेशन मिली, जिसने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई पुलिस की कार्रवाई में वह घायल हुआ और पकड़ा गया। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों की विस्तृत भूमिका, हथियारों के स्रोत और गिरोह के नेटवर्क के संदर्भ में वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में आगे की जांच जारी है।
