रांची। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने खेलगाँव स्थित बिरसा मुण्डा एथलेटिक्स स्टेडियम में 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि तीरंदाजी एकाग्रता, धैर्य, सटीकता और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता का खेल है। पुलिस सेवा में भी ये सभी गुण बेहद महत्वपूर्ण हैं। परिस्थितियों का सही आकलन, विवेकपूर्ण निर्णय और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता प्रभावी पुलिस व्यवस्था के आवश्यक आधार हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरे समर्पण, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि झारखण्ड को ‘Land of Archery’ के रूप में जाना जाता है, जहाँ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धियों से राज्य का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर देने पर विशेष बल दिया जा रहा है। ‘खेलो इंडिया’ जैसी पहलों ने खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नई प्रतिभाओं को आगे लाने में बड़ा योगदान दिया है।

राज्यपाल ने कहा कि पुलिस बल देश की आंतरिक सुरक्षा का मेरुदंड है। कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध रोकना तथा नागरिकों की रक्षा करना पुलिस के महत्वपूर्ण दायित्व हैं। बदलते समय के साथ अपराधों का स्वरूप भी बदल रहा है, इसलिए आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक पद्धतियों और नवीनतम साधनों का प्रभावी उपयोग आवश्यक है।
उन्होंने साइबर अपराध और डिजिटल धोखाधड़ी के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि ट्रैफिक चालान या अन्य सूचनाओं के नाम पर मोबाइल पर भेजी जाने वाली संदिग्ध APK फाइलों के जरिए लोगों को ठगा जा रहा है। नागरिकों से ऐसी फाइलें न खोलने और आधिकारिक माध्यमों से पुष्टि करने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस की तकनीकी दक्षता के साथ जन-जागरूकता भी जरूरी है।
राज्यपाल ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक रूप से सक्षम होने के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता, अनुशासन, धैर्य और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता भी आवश्यक है। नियमित खेल एवं व्यायाम शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं और कठिन परिस्थितियों में संयम बनाए रखने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास तथा सहयोग ही प्रभावी पुलिस व्यवस्था की आधारशिला हैं।
राज्यपाल ने कहा कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी झारखण्ड पुलिस को सौंपा जाना राज्य के लिए गौरव का विषय है। ऐसी प्रतियोगिताएँ विभिन्न राज्यों और पुलिस बलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, अनुभव साझा करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से आपसी सौहार्द व टीम भावना को सुदृढ़ करने का बेहतरीन अवसर प्रदान करती हैं।
राजधानी रांची के होटवार स्थित खेलगांव परिसर में 22 से 26 अक्टूबर तक 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता में मेजबान झारखंड समेत देश की 28 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
