जमशेदपुर। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में एक टीम ने गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के यूरेनियम प्रभावित जादूगोड़ा क्षेत्र का दौरा किया। टीम ने मेचुआ, इचरा और आसपास के गांवों का स्थल निरीक्षण कर स्थानीय ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
बातचीत के दौरान ग्रामीणों ने आयोग के समक्ष अपनी मुख्य समस्याएं रखीं।जिनमें पेयजल की समुचित सुविधा, स्थानीय विद्यालयों में शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता,विस्थापित परिवारों के लिए रोजगार और उचित मुआवजा और क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का प्रबंध शामिल है।आयोग ने इन सभी जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद जमशेदपुर में यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें यूसीआईएल के सीएमडी डॉ. के. आनंद राव और आयोग के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में जनजातीय समाज के कल्याण, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और यूसीआईएल में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। डॉ. आशा लकड़ा ने रोस्टर के अनुसार कर्मचारियों की पदोन्नति, आवास और अन्य सेवा संबंधी मामलों का नियमानुसार जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
आयोग ने यूसीआईएल प्रबंधन को बैठक में लिए गए निर्णयों और निर्देशों की अनुपालन रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग को सौंपने का निर्देश दिया है। बैठक में आयोग के उप सचिव मनोहर एन. सुकोले और सहायक निदेशक पी.के. दास भी मौजूद थे।
