रांची। राजधानी के अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कार्तिक उरांव चौक के पास से देर रात एक युवक के अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। राँची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नगड़ी थाना क्षेत्र के सुनसान जंगल में छापेमारी कर पीड़ित युवक को सुरक्षित मुक्त करा लिया है। पुलिस ने घटना में शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार- सोमवार की मध्यरात्रि करीब 12:10 बजे पीड़ित हर्ष कुमार अपने दोस्तों के साथ आई-20 कार से लालपुर में एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर वापस अपने घर कडरू लौट रहे थे। इसी दौरान कार्तिक उरांव चौक के समीप उनकी कार खराब हो गई। गाड़ी रुकी ही थी कि एक महिंद्रा XUV 500 कार आकर रुकी और उसमें से उतरे 3-4 बदमाशों ने जबरन हर्ष कुमार को पकड़कर अपनी गाड़ी में बैठा लिया और फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया और विभिन्न संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की गई। पुलिस टीम ने नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित सुनसान जंगल से पीड़ित हर्ष कुमार को सुरक्षित बरामद करते हुए चारों आरोपियों को धर दबोचा।

इस संदर्भ में वादी के आवेदन पर अरगोड़ा थाना कांड संख्या-246/26 (दिनांक 14.09.2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 140(1), 140(4), 118(1), 118(2), 123, 109 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में असगर खान (पिता- इदरािस खान – ग्राम टाकू, थाना कुडू, जिला लोहरदगा),विनय साहू (पिता- भीम साहू, बी.आई.डी. कृषि मार्केट, जिला लोहरदगा),भोला नायक (पिता- स्व. बालकिसुन नायक, कचहरी चौक, पुरानी राँची नगर निगम भवन, थाना कोतवाली, जिला राँची) और आकाश कुमार साहू (पिता- स्व. परमेश्वर प्रसाद साहू ,थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा) शामिल हंै।