हजारीबाग। अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने को लेकर हजारीबाग पुलिस ने शुक्रवार को चौपारण थाना क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही एवं चौपारण थाना प्रभारी के साथ चोरदाहा पंचायत के विभिन्न गांवों का भ्रमण किया और ग्रामीणों से संवाद कर अफीम की खेती नहीं करने की अपील की।

एसपी ने ग्रामीणों को अफीम की खेती से होने वाले कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए कहा कि अवैध खेती न केवल कानून अपराध है, बल्कि इससे परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने ग्रामीणों से किसी भी प्रकार के प्रलोभन में आकर अफीम की खेती नहीं करने तथा दूसरे लोगों को भी इसके लिए प्रेरित नहीं करने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा कि यदि क्षेत्र में कहीं अफीम की खेती की तैयारी या अवैध खेती की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस की ओर से ग्रामीणों को भरोसा दिलाया गया कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

यह अभियान चौपारण क्षेत्र में अफीम की खेती की रोकथाम को लेकर पुलिस की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। थाना स्तर पर लंबित अफीम से जुड़े मामलों में कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस अब संभावित खेती वाले इलाकों में लगातार निगरानी और जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दे रही है।