1. ​भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र
  2. ​धुर्वा के दुष्यन सिंह की अनूठी पहल, पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ फैशन का दे रहे संदेश

​नई दिल्ली/रांची। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड की राजधानी रांची के स्टार्टअप 'एकोकिंटसुगी' (Ekokintsugi) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। रांची के धुर्वा निवासी दुष्यन सिंह के इस स्टार्टअप द्वारा बेकार चमड़े (लेदर स्क्रैप) से तैयार किए गए आकर्षक जूतों और हैंडबैग को प्रतिष्ठित पत्रिका 'फोर्ब्स'ने विशेष स्थान दिया है।

पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ फैशन की दिशा में दुष्यन सिंह की यह पहल लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। इस स्टार्टअप में विभिन्न स्थानों से अनुपयोगी और बेकार पड़े चमड़े के टुकड़ों को एकत्र किया जाता है। इसके बाद कारीगर इन्हें अलग-अलग आकार में काटकर कलात्मक ढंग से जोड़ते हैं और हाथों से आकर्षक उत्पाद तैयार करते हैं। स्टार्टअप द्वारा निर्मित 'विंगटिप ऑक्सफोर्ड जूते' इसके रचनात्मक डिजाइन और बारीक हस्तशिल्प का बेहतरीन उदाहरण हैं।

'एकोकिंटसुगी' की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह स्टाइल और गुणवत्ता से समझौता किए बिना कचरे के रूप में फेंके जाने वाले चमड़े का पुनर्चक्रण कर रहा है। संसाधनों की बर्बादी रोकने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार उत्पादन को बढ़ावा देने वाली यह पहल सतत विकास की दिशा में एक सार्थक कदम है। भारत मंडपम स्थित झारखंड पवेलियन में आगंतुक इन उत्पादों को करीब से देख और सराह रहे हैं।

इस वर्ष 'विकास और विरासत' की थीम पर आयोजित व्यापार मेले में देश के 32 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के साथ 11 देशों के प्रदर्शक भाग ले रहे हैं। मेले में झारखंड पवेलियन पारंपरिक कला-संस्कृति, हस्तशिल्प और आधुनिक उद्यमिता का अनोखा संगम पेश कर रहा है। एक ओर जहां झारखंड के पारंपरिक ढोल वादक अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य के स्टार्टअप अपने नवाचार से नई पहचान गढ़ रहे हैं।