हजारीबाग। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अमन कुमार चौपारण थाना पहुंचकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं कांडों के अनुसंधानकर्ताओं के साथ बैठक कर थाना क्षेत्र के नए एवं पुराने मामलों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

एसपी ने वर्ष 2026 से पूर्व एवं वर्तमान के सभी लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर अविलंब निष्पादित करने का निर्देश दिया। वहीं थाना में लंबित जमानती एवं गैरजमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती के मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।

अफीम की खेती पर विशेष सख्ती बरतते हुए एसपी ने निर्देश दिया कि पिछले वर्ष जिन स्थानों पर अफीम की खेती हुई थी, वहां के संबंधित लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए, ताकि इस वर्ष किसी भी परिस्थिति में अफीम की खेती न हो सके। अफीम की खेती से जुड़े मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी कर कांडों का निष्पादन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

संगठित अपराध से जुड़े लंबित मामलों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी और मामलों के त्वरित निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया गया। एसपी ने थाना आने वाले आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा लंबित जमीन विवादों की थाना दिवस में नियमित समीक्षा कर संबंधित अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्राचार करने का निर्देश दिया गया।