​रांची। झारखंड में पर्यावरण, वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा 28 से 30 नवंबर तक 'अरण्यक-26' (झारखंड वन फिल्म महोत्सव) का आयोजन किया जा रहा है। रांची के डोरंडा स्थित वन परिसर के पलाश ऑडिटोरियम और जैप के शौर्य ऑडिटोरियम में होने वाले इस महोत्सव में आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

​प्रधान मुख्य वन संरक्षक (हॉफ) संजीव कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि महोत्सव के पहले संस्करण के लिए प्राप्त 700 से अधिक प्रविष्टियों में से लगभग 75 सर्वश्रेष्ठ फिल्मों का चयन किया गया है। इन्हें 'भारतीय प्रतियोगिता', 'भारतीय चयनित फिल्म प्रदर्शन' और 'अंतरराष्ट्रीय फिल्म प्रदर्शन' श्रेणियों में बांटा गया है। महोत्सव में भारत के अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, पोलैंड, तुर्की, ग्रीस, ताइवान, अजरबैजान और दक्षिण अफ्रीका सहित कई देशों की फिल्में दिखाई जाएंगी।

​स्क्रीनिंग के साथ-साथ फिल्मकारों और पर्यावरण विशेषज्ञों के साथ विशेष संवाद सत्र भी आयोजित होंगे। प्रेस वार्ता के दौरान पीसीसीएफ (वन्य प्राणी) रवि रंजन, एपीसीसीएफ राजकुमार बाजपेयी, सीसीएफ एस आर नटेश और डीएफओ अवनीश चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।