रांची। भारतीय यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को रांची स्थित चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन और घेराव किया। सैकड़ों की संख्या में संगठन का झंडा लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने "ज्ञानेश कुमार हटाओ" और "ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो" के नारे लगाते हुए चुनाव आयोग कार्यालय के मुख्य बोर्ड पर कालिख पोत दी।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी को राजनीतिक लाभ पहुंचाने के लिए वोटों की हेराफेरी की गई है। उन्होंने कहा कि आयोग के इसी अनैतिक रवैये के विरोध में कार्यालय के बोर्ड पर कालिख पोती गई है।
प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। चुनाव आयोग कार्यालय के आसपास का पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया। मुख्य गेट की ओर जाने वाले रास्ते पर पहले से ही मजबूत बैरिकेडिंग की गई थी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और बहस भी हुई। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग के पीछे ही रोके रखा और उन्हें कार्यालय परिसर के अंदर घुसने नहीं दिया।
गौरतलब है कि पिछली बार कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता मुख्य गेट तक पहुंच गए थे और गेट तोड़ने का प्रयास किया था। उसी घटना से सबक लेते हुए इस बार प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष और कड़े इंतजाम किए थे।
