​मेदिनीनगर। पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र स्थित तुकबेरा गांव में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से 22 वर्षीय युवक अमरजीत चौहान की मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक पिस्टल बरामद की है, जिसे शुरुआती जांच में अवैध हथियार माना जा रहा है।

​मिली जानकारी के अनुसार अमरजीत को घर के कमरे में ही गोली लगी, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। हालांकि, गोली किन परिस्थितियों में और कैसे चली, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना मिलते ही नावाबाजार थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और पिस्टल को अपने कब्जे में ले लिया।

​पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि युवक तक हथियार कैसे पहुंचा और इस वारदात के पीछे की मुख्य वजह क्या थी। मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों ही कोणों से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

​नावाबाजार थाना प्रभारी संजय यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पिस्टल को जब्त कर लिया गया है और मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस अनुसंधान पूरा होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।