रांची। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति एवं विभिन्न शांति समितियों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा और गुलदस्ता भेंट कर आगामी शारदीय नवरात्रि के दौरान सपरिवार पूजा पंडालों के भ्रमण व महाआरती में शामिल होने का निमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।

प्रतिनिधिमंडल ने दुर्गा पूजा की तैयारियों में जिला प्रशासन द्वारा दिए जा रहे पूर्ण सहयोग और संवेदनशीलता के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूजा समितियों को दो महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि जलाशयों और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार के साथ समन्वय बनाकर वैकल्पिक व इको-फ्रेंडली विसर्जन की कार्य योजना तैयार की जाए।पूजा पंडालों में नशा मुक्ति से जुड़े होर्डिंग्स और बैनर लगाए जाएं तथा एनाउंसमेंट के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने पर्व के सफल आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को कानून-व्यवस्था, यातायात, बिजली, पानी और साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।

मौके पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन भी मौजूद थे, जिन्होंने तैयारियों की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल में मनोज पांडेय, राजेंद्र सिंह, मुनचुन राय, अजीत सहाय, रवींद्र वर्मा और संजय मिनोचा समेत कई पदाधिकारी शामिल रहे।