रामगढ़। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के सुप्रीमो और डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो ने रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड स्थित सोसो गांव की रहने वाली कविता महतो के संघर्ष को नमन किया है। होमगार्ड बहाली की तैयारी के लिए साड़ी पहनकर खाली पैर दौड़ती कविता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विधायक ने तुरंत उनकी मदद का हाथ बढ़ाया।
पलामू दौरे के दौरान पत्रकारों के जरिए जानकारी मिलते ही जयराम महतो ने रास्ते से ही कविता को फोन कर उनका हौसला बढ़ाया और शाम तक जरूरी सामान पहुंचाने का भरोसा दिया। इसके बाद उनके निर्देश पर पार्टी नेत्री लीलावती महतो, रूपा महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष आनंद कटियार और जग्गी भाई ने कविता के घर पहुंचकर उन्हें ब्रांडेड स्पोर्ट्स जूते, ट्रैक सूट, टी-शर्ट और ट्राउजर सहित दौड़ की तैयारी से जुड़ा सामान सौंपा।
जयराम महतो ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद आगे बढ़ने का कविता का जुनून काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि साड़ी और नंगे पांव दौड़ती बहन की तस्वीर किसी को भी भावुक कर सकती है। मेहनत करने वाली बेटियों के सपनों के रास्ते में संसाधनों की कमी रुकावट नहीं बननी चाहिए। मेरी राजनीति का मकसद ऐसे ही जरूरतमंद युवाओं और बहनों के संघर्ष में उनके साथ खड़ा होना है।
जयराम की इस तुरंत पहल से कविता के परिवार और ग्रामीणों में काफी खुशी है। स्थानीय लोगों ने जयराम महतो के इस मानवीय कदम की सराहना की है।
