हजारीबाग।गिद्दी थाना क्षेत्र में सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, इस सनसनीखेज हत्याकांड की साजिश मृतक की पत्नी सोनाली कुमारी, उसके प्रेमी कौशिक कुमार और एक नाबालिग ने मिलकर रची थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोनाली और कौशिक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शामिल नाबालिग को निरुद्ध कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने हत्या के बाद मामले को लूटपाट का रूप देने और पुलिस की जांच को भटकाने की पूरी कोशिश की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद खून साफ कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया। यही नहीं, पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी पत्नी सोनाली के हाथ-पैर और मुंह तक बांध दिए गए थे।
18 अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे ग्रामीणों ने गिद्दी थाना प्रभारी को सूचना दी थी कि गिद्दी ए स्थित सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल के घर में लूटपाट के दौरान उनकी धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़कागांव एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। एसआईटी ने फॉरेंसिक साइंस लैब, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और तकनीकी व परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान जब मृतक की पत्नी सोनाली कुमारी से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपने प्रेमी कौशिक कुमार और एक नाबालिग के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने की बात का खुलासा किया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सीसीएल कर्मी की नौकरी हासिल करने और अपने प्रेमी के साथ रहने (शादी करने) के उद्देश्य से इस पूरी साजिश को अंजाम दिया गया था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए खून लगे धारदार हथियार (दाउली और चाकू) बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा घटनास्थल से खून लगा पोछा, आरोपियों के खून लगे कपड़े और चप्पल, दो मोबाइल फोन तथा मृतक और उसकी पत्नी के जले हुए मोबाइल के अवशेष भी बरामद किए गए हैं।
