गिरिडीह। गावां थाना क्षेत्र के झाराढाब गांव में एक विवाहित महिला से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पेड़ से बांध दिया और दोनों के साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराया और थाने ले आई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार बिहार के नवादा जिले के बिशनपुर गांव निवासी युवक का झाराढाब गांव की एक शादीशुदा महिला से कथित तौर पर प्रेम-प्रसंग चल रहा था। रविवार को युवक महिला से मिलने उसके गांव पहुंचा था। वह जैसे ही महिला के घर पहुंचा, आसपास के लोगों को इसकी भनक लग गई।
ग्रामीणों ने तुरंत युवक को पकड़ लिया और महिला को भी घर से बाहर बुला लिया। इसके बाद दोनों को एक पेड़ से बांध दिया गया और उनके संबंधों को लेकर पूछताछ की जाने लगी। आरोप है कि पूछताछ के दौरान ग्रामीणों ने दोनों के साथ मारपीट भी की। दोनों काफी देर तक पेड़ से बंधे रहे।
इसी बीच किसी व्यक्ति ने गावां थाना पुलिस को घटना की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को बंधनमुक्त कराकर थाने ले आई। पुलिस द्वारा दोनों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
वायरल वीडियो में कुछ ग्रामीण दोनों को पेड़ से बांधकर पूछताछ करते दिख रहे हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अब वीडियो और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
