पोटका। विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कोवाली–डुमरिया मुख्य सड़क की जर्जर हालत पर विधायक संजीव सरदार के सख्त रुख के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई इस सड़क की मरम्मत का कार्य गुरुवार से केंदुआ पंचायत के सुशनीगड़िया गांव से शुरू कर दिया गया। बुधवार को सड़क की खराब स्थिति की जानकारी मिलते ही विधायक संजीव सरदार ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल मरम्मत का निर्देश दिया था। इसके बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य शुरू कराया। विधायक के प्रयासों से क्षेत्र में कई नई सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है। हालांकि, कुछ स्थानों पर रैयतों को जमीन का मुआवजा न मिलने के कारण काम अटका हुआ है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि मुआवजा वितरण के बाद ही सड़क निर्माण का रास्ता साफ होगा।
जमीन संबंधी समस्याओं के निपटारे के लिए जल्द ही ग्राम प्रधान और रैयतों के साथ एक ग्रामसभा आयोजित की जाएगी। सड़क मरम्मत का काम शुरू होने पर स्थानीय निवासियों ने विधायक संजीव सरदार के प्रति आभार जताया और कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी।
