बोकारो। स्वामी सहजानंद सरस्वती सेवा समाज, बोकारो की ओर से बुधवार को बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर सेक्टर-4 स्थित प्रतिमा स्थल पर समाज के सदस्यों और गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के व्यक्तित्व और बिहार के विकास में उनके योगदान को याद किया गया।

समाज से जुड़े जगन्नाथ शाही ने कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह ने बिहार के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन जनसेवा, सामाजिक समानता और विकास के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने गरीबों, किसानों और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए काम किया। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। नई पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

डॉ. टीपी सिंह ने कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के नेतृत्व में बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिला। उन्होंने शिक्षा, उद्योग और सामाजिक सुधारों को महत्व दिया। उनके प्रयासों ने आधुनिक बिहार की नींव मजबूत करने में योगदान दिया। बोकारो जैसे औद्योगिक क्षेत्र के विकास के संदर्भ में भी उनके योगदान को याद किया जाता है। डॉ. सिंह ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उन्हें श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन और समाज में अपनाना भी है। कार्यक्रम का संचालन सुधीर कुमार सिंह ने किया।

कार्यक्रम में प्रमोद सिंह, अविनाश कुमार ,अरुण शर्मा, जवाहर सिंह,पीयूष राय, भारतेंदु ठाकुर, आरएन सिंह, महेंद्र सिंह, राममनोहर सिंह, अजय कुमार चौधरी राकेश मधु,, कुमार चौधरी, आरके शर्मा,अनुरंजन सहित अन्य लोग उपस्थित थे। सभी ने डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के आदर्शों पर चलने और समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।