देवघर। दुर्गा पूजा का मेला देखने आए बिहार के एक युवक की शहर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात शहर के रांगा मोड़ की है, जहां बीती रात बदमाशों ने पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच घटना को अंजाम दिया। मृतक की पहचान बांका जिले के गोड़ियारी (चांदन थाना) गांव निवासी रौशन यादव के रूप में हुई है। हत्या के कारण का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन वारदात के तार मृतक के गांव से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी का प्रतीत हो रहा है। अपराधियों ने योजनाबद्ध तरीके से इस घटना को अंजाम दिया है। हालांकि, हत्या के असली कारणों और इसमें शामिल अपराधियों के बारे में अब तक आधिकारिक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। परिजनों ने बताया कि रौशन गोड़ियारी से देवघर दुर्गा पूजा का मेला देखने आया था। इसी दौरान किसी ने उसे गोली मार दी। उसके आंख और सिर में गोली के निशान हैं। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि हत्यारों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही मृतक के परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि देवघर में उसकी किसी से कोई रंजिश थी या वह किसी काम से यहां आया था।