गुमला। गुमला जिले में बीते कुछ दिनों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं और आत्महत्या के अलग-अलग मामलों में एक युवती सहित कुल सात लोगों की मौत हो गई है। इन घटनाओं से मृतकों के परिजनों और संबंधित इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस सभी मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चार अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई। मंगलवार को पुरना टोली के पास ऑटो से गिरकर ढिढौली जतरा टोली निवासी 26 वर्षीय विनोद केरकेट्टा की मौत हो गई। सोमवार को बक्सपुर के समीप ऑटो पलटने से कटकाया गांव निवासी 55 वर्षीय मनोज एक्का की जान चली गई। नारकेला के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दिवानटोली निवासी 31 वर्षीय अमन राम की मौत हो गई। पतुरा गांव के पास सड़क पार करने के दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोरेंग खड़ियाटोली निवासी 48 वर्षीय गांधी खड़िया की मौत हो गई। सड़क हादसों के अलावा गुमला जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर लोगों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले सामने आए हैं। अमरचुंआ गांव निवासी 24 वर्षीय संदीप उरांव ने सोमवार की रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। करंजटोली निवासी 55 वर्षीय लिविन टोपनो ने मंगलवार की देर शाम घर में फंदे से लटक कर जान दे दी। परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी। शहर के शांति नगर इलाके में 24 वर्षीय प्रीति सिंह ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्रीति का डुमरी प्रखंड के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग था और दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी चल रही थी। हालांकि, आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने सभी मामलों में शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के साथ-साथ आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।