बोकारो। वेदांत इलेक्ट्रो स्टील लिमिटेड में हुई दुर्घटना में जान गंवाने वाले दो श्रमिकों के परिजनों को कंपनी प्रबंधन ने मुआवजा राशि सौंप दी है। हजारीबाग के मृतक सोहन महतो के परिजनों को 60 लाख रुपये और धनबाद के शमीम अंसारी के परिजनों को 38 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। इसके साथ ही आश्रितों को अन्य अनुमन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी।
घटना के बाद गोमिया विधानसभा से चुनाव लड़ चुकी जेएलकेएम नेत्री पूजा महतो के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने जोरदार आंदोलन किया, जिसके दबाव में प्रबंधन झुका। हालांकि, स्थानीय विधायक उमाकांत रजक और पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी के मौके पर न पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई।
डीसी के निर्देश पर चास एसडीओ प्रांजल और फैक्ट्री निरीक्षक द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रबंधन ने भी स्वतंत्र एजेंसी से गैस लीक के कारणों की जांच कराने की बात कही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
