गिरिडीह। सोमवार को भाजपा सांसद सह गायक मनोज तिवारी और बॉलीवुड अभिनेत्री सौंदर्या शर्मा गिरिडीह पहुंची। भाजपा नेता और समाजसेवी विनोद सिन्हा के द्वारा ऐतिहासिक झंडा मैदान में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित 'जोहार वंदन अभिनंदन यात्रा' अपार जनसैलाब के साथ भव्य रूप से सफल रही।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा कारणों का हवाला देकर रोड शो की अनुमति रद्द किए जाने के बाद दोनों ने झंडा मैदान में पिकअप वैन पर सवार होकर जनता को संबोधित किया। मनोज तिवारी ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
मनोज तिवारी ने कहा कि वे गिरिडीह की सड़कों पर चलकर युवाओं से मिलना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। उन्होंने इसे गलत ठहराते हुए कहा कि आयोजक विनोद सिन्हा इस मामले को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। वहीं, एसडीओ धीरेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा कारणों के चलते यह अनुमति रद्द की गई थी।मनोज तिवारी ने झंडा मैदान में अपने लोकप्रिय भोजपुरी गीत गाकर उपस्थित समर्थकों का उत्साह बढ़ाया और दावा किया कि गिरिडीह उपचुनाव से ही राज्य में सत्ता परिवर्तन की शुरुआत होगी।
मीडिया से चर्चा के दौरान मनोज तिवारी ने दिल्ली के विरोध प्रदर्शन, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन की आड़ में देश को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी हुई तथा वाहनों में तोड़फोड़ की गई।

एसआईआर के तहत मतदाता सूची से नाम काटे जाने के सवाल पर उन्होंने सलाह दी कि यदि किसी का नाम गलत तरीके से हटाया गया है, तो वे शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित लोग यदि उनके कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंचेंगे, तो वे व्यक्तिगत रूप से दिल्ली में इस मामले को देखेंगे।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने उनके राजनीतिक दृष्टिकोण और विरोध प्रदर्शन की अनुमति के नियमों पर भी सवाल उठाए।
झारखंड सरकार को घेरते हुए भाजपा सांसद ने रांची और गिरिडीह में आंदोलनरत छात्रों के साथ कथित बर्बरता का मुद्दा उठाया। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं को लेकर राज्य सरकार की कार्यशैली की आलोचना की।
कार्यक्रम में शामिल हुईं बॉलीवुड अभिनेत्री सौंदर्या शर्मा ने गिरिडीह आने पर खुशी जताई और कहा कि वह पहली बार यहां आई हैं। उन्होंने 'सेवा अभियान' के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने और छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाने का संकल्प लिया। अपनी मेडिकल की पढ़ाई और नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक का हवाला देते हुए उन्होंने छात्रों की समस्याओं के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की, जिसे सुनने के लिए समर्थकों में भारी उत्साह नजर आया।
विनोद सिन्हा ने इस ऐतिहासिक सफलता के लिए गिरिडीह की जनता, कार्यकर्ताओं और मीडिया कर्मियों का आभार जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने ऐन वक्त पर रोड शो के मार्ग में फेरबदल कर कार्यक्रम को बाधित करने की कोशिश की, लेकिन जनता ने अपनी भारी उपस्थिति से यह स्पष्ट कर दिया कि तानाशाही रवैये के सामने सेवा का संकल्प कभी नहीं झुकता।
श्री सिन्हा ने कहा कि यह यात्रा केवल एक राजनीतिक या सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि गिरिडीह को पूर्ण औद्योगिक क्षेत्र का दर्जा दिलाने, स्थानीय युवाओं को रोजगार मुहैया कराने और पलायन को रोकने के संकल्प की मजबूत शुरुआत है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि गिरिडीह के सर्वांगीण विकास की यह लड़ाई पूरी ताकत के साथ आगे भी जारी रहेगी।
