बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट में नियोजन की मांग को लेकर तू-टेक गार्डन में रविवार से शुरू हुआ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल सोमवार को भी जारी रहा। लगातार तीन दिनों तक अनशन पर रहने के कारण आधे दर्जन से अधिक विस्थापित युवाओं की तबीयत बिगड़ गई है। स्थिति चिंताजनक होने के बावजूद अनशनकारी अस्पताल जाने को तैयार नहीं हुए, जिसके बाद डॉक्टरों की टीम ने स्थल पर ही उन्हें सलाइन चढ़ाया।

आंदोलनकारियों को समर्थन देने के लिए भाजपा नेता विवेक सिंह और प्रदेश कार्य समिति के सदस्य कुमार अमित सहित कई संगठनों के प्रतिनिधि भूख हड़ताल स्थल पर पहुंचे और उनका मनोबल बढ़ाया।

दूसरी ओर, बोकारो स्टील प्रबंधन ने औद्योगिक शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि लगभग 20,000 करोड़ रुपये की लागत से प्लांट का आधुनिकीकरण और विस्तारीकरण होना है, जिससे उत्पादन क्षमता 9 मिलियन टन तक पहुंच जाएगी। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि संविदा और ठेकेदारी में विस्थापितों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रबंधन ने युवाओं से आंदोलन का रास्ता छोड़कर बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की है ताकि प्लांट और शहर के विकास पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।