गिरिडीह। भाजपा सांसद व मशहूर भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी और अभिनेत्री सौंदर्य शर्मा सोमवार को गिरिडीह पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद दोनों ने शहर के विनोद सिन्हा के आवास पर पहुंचकर मां दुर्गा की षोडशोपचार पूजा-अर्चना की और माता रानी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने पूरे क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
अचानक दोनों फिल्मी व राजनीतिक हस्तियों के गिरिडीह आगमन की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और उनके प्रशंसकों में भारी उत्सुकता देखने को मिली। इस दौरे को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चाएं काफी तेज हो गई हैं। मनोज तिवारी और विनोद सिन्हा ने कहा कि गिरिडीह में उद्योगों का विस्तार होना आवश्यक है ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिले और पलायन रुके।
