बोकारो। बोकारो जिले के राधानगर पंचायत अंतर्गत गुड़गुड़ी गांव के पांच नंबर वार्ड में बीते दिनों आग लगने से दिवाकर कपद्दार के परिवार को भारी नुकसान हुआ। कच्चे मकान में एडवेस्टर की छत लगाकर रहने वाले परिवार के घर में अचानक रात के समय आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि घर में रखा राशन, चौकी, कपड़े, बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर मानव जन कल्याण समिति के सदस्यों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और उन्हें राशन सामग्री के साथ आर्थिक सहयोग प्रदान किया। समिति के सदस्यों ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर आग से हुए नुकसान की जानकारी ली। इसके बाद परिवार की तत्काल जरूरतों को देखते हुए राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार के सामने घरेलू सामान और खाद्य सामग्री की समस्या उत्पन्न हो गई थी। ऐसे समय में समिति की ओर से की गई मदद से पीड़ित परिवार को राहत मिली।
इस मौके पर मानव जन कल्याण समिति के संस्थापक ऋषिकेश महतो ने कहा कि समिति की स्थापना का मुख्य उद्देश्य गरीब, पीड़ित, शोषित और असहाय लोगों की मदद करना है। इसके साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना तथा जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयास करना भी समिति के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए समिति हमेशा तत्पर रहती है। राहत कार्य के दौरान मानव जन कल्याण समिति के संस्थापक ऋषिकेश महतो के साथ जयचंद बाउरी, बुद्धेश्वर कुमार, मंटू रजक, रंजीत बाउरी, तापस कुमार महतो, राजकुमार महतो, राजेश कुमार महतो, सुशांत मुंडा, राजू महतो, शक्तिमान गोराई, अभिषेक महतो, लक्ष्मण कपद्दार और काजल राय सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे।
