रांची। कारोबारी सह समाजसेवी अखिलेश पांडेय के अशोक नगर स्थित आवास पर हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात के मास्टरमाइंड की पहचान बिहार के सीतामढ़ी निवासी मोहम्मद इरफान उर्फ 'उजाला' के रूप में की है।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इरफान की पत्नी और प्रेमिका सहित कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर 20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार मुख्य आरोपी इरफान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।
लग्जरी कारों से रेकी, 20 राज्यों में 100 से ज्यादा कांड
इरफान कोई साधारण चोर नहीं है। उस पर दिल्ली, यूपी, पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, गोवा और बिहार समेत देश के 20 राज्यों में 100 से ज्यादा चोरी के मामले दर्ज हैं।
हाई-टेक और वीआईपी स्टाइल
वह जगुआर,ऑडी और मर्सिडीज जैसी महंगी कारों से वीआईपी इलाकों में घूमता था और फ्लाइट से एक राज्य से दूसरे राज्य जाकर वारदात अंजाम देता था।
बिना हथियार के वारदात
वह अपने पास कोई हथियार नहीं रखता; केवल एक पेचकस और वायर कटर के सहारे कड़ी सुरक्षा वाली कोठियों में घुस जाता था।
बहन की शादी के दहेज से शुरू हुआ जुर्म का सफर
पुलिस पूछताछ और पुराने रिकॉर्ड्स के मुताबिक, इरफान बेहद गरीबी में पला-बढ़ा था। लगभग 15-16 साल पहले बहन की शादी में दहेज के लिए पैसे नहीं होने पर उसने बिहार में पहली चोरी की थी। उसमें न पकड़े जाने के बाद उसने इसे ही अपना पेशा बना लिया।
वह बिना किसी पूर्व रेकी के अपनी गाड़ी से निकलता और जहां दिल कहता, वहीं चोरी कर लेता।उसका अंदाजा इतना सटीक होता था कि वह जिस भी घर में घुसा, वहां से लाखों की नकदी और जेवर लेकर ही निकला। उसने दिल्ली में एक जज के घर से 65 लाख रुपये और गोवा में गवर्नर हाउस के पास एक कारोबारी के घर में भी बड़ी चोरी की थी।
गांव में 2 करोड़ का 'शीश महल' और 'रॉबिनहुड' की छवि
गरीबी से अपराध की दुनिया में कदम रखने वाला इरफान देखते ही देखते करोड़ों की संपत्ति का मालिक बन गया।
उसने अपने गांव में करीब 3-4 कट्ठा में 2 करोड़ रुपये की लागत से आलीशान मकान बनवाया है, जिसके टॉप फ्लोर पर शीश महल और बेहद महंगा इंटीरियर कराया गया है।चोरी के पैसों से वह गांव के जरूरतमंदों की मदद भी करता था, जिसके चलते लोग उसे 'उजाला' और 'रॉबिनहुड' के नाम से बुलाते हैं।
4 प्रेमिकाएं और जिला परिषद सदस्य पत्नी
इरफान की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही है।उसकी पत्नी गुलशन परवीन बीते पंचायत चुनाव में जिला परिषद सदस्य चुनी जा चुकी है।इरफान की 4 प्रेमिकाएं हैं, जो आगरा, अलीगढ़, सवाई माधोपुर और मुंबई में रहती हैं। चोरी की वारदातों को अंजाम देने के बाद वह अक्सर उनके पास ठहरता था और उन पर बेहिसाब पैसे खर्च करता था।
फिलहाल पुलिस की टीमें इरफान की लोकेशन ट्रेस कर रही हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
