लोहरदगा। लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जरियों स्थित लोहा पुल के समीप एक तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर हिंडाल्को कंपनी के बीकेबी हेसल बॉक्साइट डंपिंग यार्ड के पास सड़क जाम कर दिया है।

मृतकों की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के दुबांग गांव निवासी बजरंग मुंडा (पिता: झुनू मुंडा) और जगेश मुंडा (पिता: स्वर्गीय विफय मुंडा) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक कुजरा के साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर अपनी मोटरसाइकिल से वापस दुबांग लौट रहे थे।

इसी दौरान जरियों स्थित लोहा पुल के पास बड़की चांपी स्टेशन पर बॉक्साइट अनलोड कर हेसल डंपिंग यार्ड की ओर जा रहे हाइवा ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद से इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।