जमशेदपुर। परसुडीह थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की बाइक और छिनतई के महंगे मोबाइल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान समीर मुखी और सुखलाल गगराई (दोनों निवासी सोपोडेरा, परसुडीह) के रूप में हुई है। उनके पास से एप्पल आईफोन 15 प्रो मैक्स, मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन, एक ऑलिव ग्रीन स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH05ED-9874), बिना नंबर प्लेट की एक अन्य काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (सीतारामडेरा से चोरी की गई) बरामद हुआ है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सीतारामडेरा से बाइक चोरी की थी और दुर्गा पूजा के दौरान बिरसानगर थाना क्षेत्र में राह चलते लोगों के मोबाइल फोन छीने थे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
