बोकार। आगामी 01 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर गुरुवार को शिबू सोरेन स्मृति भवन सभागार में संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि परीक्षा का निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त आयोजन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। परीक्षा में गड़बड़ी करने, प्रश्नपत्र लीक कराने अथवा फर्जी प्रश्नपत्र के नाम पर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए। पूर्व में परीक्षा का सफल आयोजन होने के बावजूद किसी भी स्तर पर लापरवाही या आत्मसंतुष्टि नहीं होनी चाहिए।

पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र लीक होने अथवा परीक्षा से संबंधित भ्रामक सूचनाएं प्रसारित किए जाने की आशंका रहती है। इस पर साइबर सेल एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम विशेष निगरानी रखेगी। भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के भीतर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। केंद्राधीक्षक एवं प्रतिनियुक्त स्टैटिक मजिस्ट्रेट के अतिरिक्त किसी अन्य को मोबाइल फोन रखने की अनुमति नहीं होगी। सभी पदाधिकारी जीरो मिस्टेक के लक्ष्य के साथ कार्य करें।

72 केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा, 46,181 परीक्षार्थी होंगे शामिल

मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन ने बताया कि बोकारो जिले में जेटेट परीक्षा-2026 का आयोजन कुल 72 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी।

प्रथम पाली: कक्षा 6 से 8 के लिए, पूर्वाह्न 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक। कुल 31,326 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

द्वितीय पाली: कक्षा 1 से 5 के लिए, अपराह्न 2:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक। कुल 14,855 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

दोनों पालियों में कुल 46,181 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा से संबंधित आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। अभ्यर्थियों की जांच के लिए पुरुष एवं महिला परीक्षार्थियों के अनुरूप अलग-अलग व्यवस्था की जाएगी।

मौके पर अपर समाहर्ता श्री सुनील चन्द्र, डीपीएलआर श्रीमती पूर्णिमा कुमारी, एसडीओ बेरमो श्री मनोज कुमार, मुख्यालय डीएसपी श्री पवन कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री मो. शफीक आलम, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री प्रवीण रंजन, सिटी डीएसपी श्री राजीव रंजन, ट्रैफिक डीएसपी श्री अजय कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।