लातेहार। जिले की पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीया सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के सक्रिय कमांडर रोहन गंझू को हथियार के साथ धर दबोचा है। लातेहार एसपी कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बालूमाथ पुलिस ने बरवाटोली गांव में छापेमारी कर यह सफलता हासिल की।

डीएसपी उमेश प्रसाद सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि एसपी के निर्देश पर बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए बरवाटोली स्थित रोहन के ठिकाने को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस को देखते ही लंबे समय से फरार चल रहा रोहन भागने लगा, लेकिन जवानों ने खदेड़ कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी रायफल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार पकड़ा गया रोहन गंझू टीएसपीसी सुप्रीमो का बेहद करीबी रहा है और पहले भी कई नक्सली संगठनों से जुड़ा रहा है। उसके खिलाफ लातेहार और चतरा समेत आसपास के जिलों में नक्सली हिंसा और रंगदारी के दर्जनों मामले दर्ज हैं। अकेले लातेहार के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ 5 से अधिक मामले पंजीकृत हैं।

डीएसपी ने बताया कि लातेहार में टीएसपीसी का नेटवर्क लगभग ध्वस्त हो चुका है। इसके बावजूद रोहन सीमावर्ती इलाकों में संगठन का खौफ दिखाकर कारोबारियों से लेवी (रंगदारी) वसूलने की फिराक में था।

उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में टीएसपीसी के बचे-खुचे नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।