धनबाद। जोगता थाना क्षेत्र स्थित सिजुआ 10 नंबर मोड़ पर मंगलवार को अचानक हुए भीषण भू-धंसान से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्य जमीन के अंदर धंस गए। इस दर्दनाक घटना में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चार अन्य लोगों का इलाज जारी है। घटना के बाद किसी बड़ी अनहोनी की आशंका को देखते हुए दर्जनों परिवार अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर गए हैं।

बच्चे की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। लोगों ने सिजुआ मोड़ के समीप कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे वाहनों का आवागमन ठप हो गया। उग्र ग्रामीणों ने बीसीसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। मौके पर विभिन्न राजनीतिक दलों और स्थानीय नेताओं का जमावड़ा शुरू हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जमीन के नीचे लगातार हो रही कोयला खनन गतिविधियों के कारण भविष्य में भी बड़े हादसों की आशंका बनी रहती है। इससे पहले टड़ाबाड़ी, छाताबाद, काज बगान और लकड़का क्षेत्रों में भी ऐसी भू-धंसान की घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि हादसे के बाद मिलनेवाली तात्कालिक राहत काफी नहीं है; बीसीसीएल और प्रशासन को प्रभावित बस्तियों के पुनर्वास और सुरक्षा के लिए दीर्घकालिक व स्थायी कदम उठाने होंगे।