रामगढ़। झारखंड में मौत की घाटी के नाम से प्रसिद्ध हो चुकी रामगढ़ जिला की चुटूपालू घाटी में मंगलवार को फिर एक बार बड़ी दुर्घटना हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आवागमन कुछ समय के लिए बाधित रहा। चुट्टूपालू घाटी ने एक बार फिर दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। यहां एक ट्रेलर बेकाबू होकर सीधे बीस फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। ट्रेलर पर लदे सरिया के नीचे दो लोग बुरी तरह दब गए। घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। घंटों की मशक्कत के बाद सरिया के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रांची की ओर से सरिया लेकर हजारीबाग की तरफ जा रहा ट्रेलर घाटी में वन विभाग के रेस्ट हाउस के पास अनियंत्रित हो गया। चालक ने सड़क किनारे वाहन रोकने का प्रयास किया। लेकिन जैसे ही ट्रेलर सड़क से उतरा,वह सीधे बीस फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा।
