गुमला। गुमला थाना क्षेत्र के कुंटवा खड़िया टोली में धान चोरी के आरोप में एक युवक की बर्बरता से पिटाई का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान युवक की मौत हो जाने के बाद परिजनों ने डर के मारे बिना पुलिस को सूचना दिए शव को दफना दिया था। घटना के नौवें दिन मंगलवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जानकारी के अनुसार 23 अगस्त को गांव के गुढ़े खड़िया का धान चोरी हो गया था। इसका शक 35 वर्षीय मंडले खड़िया उर्फ मूसा खड़िया पर जताते हुए गांव के ही कुछ लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान मंडले के गुप्तांग में गंभीर चोटें आईं। डर के कारण परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई और गांव के ही एक झोला छाप डॉक्टर से उसका इलाज कराते रहे। 31 अगस्त की दोपहर इलाज के दौरान मंडले की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने शव को गांव के पुराने बगीचे में दफना दिया। मंगलवार को घटना की सूचना मिलने के बाद गुमला के अंचलाधिकारी हरीश कुमार बतौर मजिस्ट्रेट पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने परिजनों व ग्रामीणों की मदद से कब्र की पहचान की और कई घंटों की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाकर गुमला सदर अस्पताल भेजा। मृतक के भाइयों ने मारपीट की बात स्वीकार की है, हालांकि खौफ के कारण वे आरोपियों के नाम बताने से बच रहे हैं। मृतक अविवाहित था और खेती-बारी कर अपने परिवार का गुजारा करता था।

मामले पर एसडीपीओ सुरेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव को निकाल कर पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने गांव के तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।