रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और नौकरियों की खरीद-बिक्री के खिलाफ चल रहा छात्र आंदोलन अब अंतिम चरण में पहुंच रहा है। देवेंद्र नाथ महतो की अगुवाई में निकाली जा रही 'भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा' का 11 सितंबर को रांची में औपचारिक समापन होगा। मंगलवार को रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच' के प्रमुख राम अवतार महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 अगस्त को रामगढ़ के नेमरा गांव से शुरू हुई यह 24 दिवसीय जिला जागरूकता अभियान यात्रा राज्य के सभी 24 जिलों से होकर गुजरी है। 10 सितंबर को यात्रा रांची पहुंचेगी और 11 सितंबर को इसका समापन किया जाएगा।

राम अवतार महतो ने स्पष्ट किया कि 15 सितंबर को हाईकोर्ट में जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी याचिकाओं पर महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है। इस सुनवाई के रुख को देखते हुए देवेंद्र नाथ महतो छात्रों के अगले आंदोलन की रणनीति की घोषणा करेंगे।

छात्रों की प्रमुख मांगों में भर्ती परीक्षाओं में हुई पूरी गड़बड़ी और धांधली की निष्पक्ष सीबीआई जांच और छात्र आंदोलन के दौरान अभ्यर्थियों पर दर्ज किए गए सभी एफआईआर वापस लेने की माँग शामिल है।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार के साथ हुई वार्ताओं से कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। हालांकि, मुख्यमंत्री के संज्ञान लेने के बाद कुछ परीक्षाएं रद्द की गई थीं, लेकिन मामला अदालत में जाने के कारण छात्रों को अब तक कोई राहत नहीं मिल सकी है। ऐसे में अभ्यर्थी अब न्यायिक फैसले और व्यापक आंदोलन के जरिए पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।