रांची। झारखंड में शुक्रवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदली, जिससे दुर्गा पूजा की तैयारियों और पंडाल दर्शन के उत्साह के बीच खलल पड़ गया। रांची, हजारीबाग, गिरिडीह,धनबाद समेत कई जिलों में गरज के साथ तेज हवाएं चलीं और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई।
अचानक हुए इस मौसम परिवर्तन से षष्ठी के मौके पर मां दुर्गा के दर्शन के लिए पूजा पंडाल घूमने निकले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर जलभराव और कीचड़ के कारण पंडालों के बाहर लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम के दोबारा शुष्क बने रहने की उम्मीद है। हालांकि, सुबह के समय हल्का कोहरा और कुहासा छाए रहने के आसार हैं। अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
अधिकतम तापमान लगभग 29°C के आसपास रहने का अनुमान है जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 19°C के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
सुबह के वक्त हल्की ठंड और नमी महसूस होने की संभावना है।
