चतरा। चतरा लोकसभा क्षेत्र को जल्द ही 24 घंटे निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद जग गई है। वर्षों से लंबित 132 केवी इटखोरी–चतरा ट्रांसमिशन लाइन परियोजना के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से परियोजना के लिए 43.671 हेक्टेयर वन भूमि के उपयोग हेतु स्टेज-1 की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
परियोजना की प्रगति को लेकर चतरा के सांसद कालीचरण सिंह ने नई दिल्ली में डीजी फॉरेस्ट और सचिव फॉरेस्ट से मुलाकात की। बैठक के दौरान सांसद ने क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने और ट्रांसमिशन लाइन से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने पर विशेष चर्चा की।
सांसद ने कहा कि चतरा क्षेत्र में बिजली की समस्या का स्थायी समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। स्टेज-1 की सैद्धांतिक स्वीकृति मिलना इस दिशा में एक बड़ा कदम है। अब आगामी औपचारिकताओं को पूरा कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
