हजारीबाग/ लातेहार/चतरा। जिलों में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने अवैध कोयला खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सीआईएसएफ की टीमों ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में अवैध कोयला और वाहन जब्त किए हैं, जिससे अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

हजारीबाग में सीनियर कमांडेंट विवेक शर्मा के निर्देश पर एनटीपीसी-सीएमपीयू इकाई की टीम ने 15 अक्टूबर की देर रात गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। बादम कोयला खनन परियोजना क्षेत्र से अवैध रूप से लाए जा रहे कोयले से लदे दो ट्रकों को चरही चौक के पास पकड़ा गया। चालकों द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर कुल 99.260 मीट्रिक टन कोयला और दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया गया। इस मामले में एमएमडीआर अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

लातेहार जिले के बालूमाथ स्थित सीसीएल की मगध कोलियरी में गुरुवार की मध्य रात्रि सीआईएसएफ ने छापेमारी कर चार वाहनों (दो कोयला लदे और दो खाली हाइवा) को जब्त किया। कार्रवाई के दौरान चालकों के साथ कथित मारपीट और मोबाइल लूटने का आरोप लगाते हुए ग्रामीण उग्र हो गए और गोलीताड़ के समीप सड़क जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस जाम की सूचना मिलने पर बालूमाथ एसडीपीओ उमेश कुमार सिंह और थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस के अनुसार, जब्त वाहनों के कागजात की जांच कर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

चतरा जिले के टंडवा स्थित सीसीएल की मगध कोल परियोजना के चामा स्थित गोली टांड़ चेकपोस्ट पर सीआईएसएफ ने वाहन जांच के दौरान कोयला लदे दो हाइवा जब्त किए। वैध कागजात नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गए।

इस दौरान बिना कागजात के खदान में प्रवेश कर रहे छह अन्य खाली वाहन भी पकड़े गए। कार्रवाई के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध-प्रदर्शन करते हुए वाहनों को छुड़ाने का प्रयास किया और सीआईएसएफ जवानों के वीडियो बनाते समय मोबाइल छीनने की बात भी सामने आई। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा कड़ी कर दी।