बोकारो। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चैंबर ऑफ कॉमर्स, बोकारो के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में जिला की यातायात व्यवस्था, पार्किंग, अतिक्रमण, रात्रि सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, साईबर जागरुकता एवं इसकी रोकथाम जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बेरमो थाना क्षेत्र में शीघ्र एक ट्रैफिक पोस्ट का संचालन शुरू करने का निर्णय लिया जिसके लिए ट्रैफिक डीएसपी को जरूरी निर्देश दिया। उन्होंनं चास थाना क्षेत्र के अतिक्रमण की समस्या को नगर निगम और प्रशासन से मिलकर समाधान निकालने का आश्वासन दिया। अड्डेबाजी वाले जगहों को चिन्हित कर की जा रही कार्रवाई को ज्यादा प्रभावी बनाने का निर्देश शहर के सभी थाना प्रभारी को दिया, साथ ही रात्री गश्ती, रक्षक और टाईगर मोबाइल गश्ती का प्रतिदिन नंबर साझा करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा साईबर मामले में बोकारो पुलिस द्वारा लगातार साईबर पीड़ितों को पैसे वापस कराने की सराहना करते हुए व्यापारियों के फ्रीज खातों को अनफ्रीज करने एवं साईबर जागरुकता खासकर APK फ्रॉड संबंधित जागरुकता को लेकर व्यापारियों को एक विशेष प्रशिक्षण दिए जाने की मांग की गई जिसके लिए साईबर प्रभारी सह पुलिस उपाधीक्षक को निर्देश दे दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों की सुरक्षा के लिए धमकी वाले कॉल को पुलिस को तुरंत सुचित करने को कहा, साथ ही शहर की सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग के लिए अपने अपने दुकानों के आसपास, शहर के कुछ चिन्हित स्थानों, प्रमुख मंदिरों और खासकर ज्वैलरी शॉप के पास चैंबर के सदस्यों द्वारा सीसीटीवी लगाने की अपील की गई।
