जमशेदपुर। शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के सदुपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में टाटा स्टील यूटिलिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (टाटा स्टील यूआईएसएल) ने एक सराहनीय कदम उठाया है। कंपनी द्वारा बिष्टुपुर के क्यू रोड में आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकल) सेंटर का उद्घाटन किया गया है। यह केंद्र सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं और कचरा प्रबंधन में मील का पत्थर साबित होगा, जिसके माध्यम से पुरानी और अनुपयोगी समझी जाने वाली वस्तुओं को दोबारा उपयोग में लाकर जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा।

शहरवासी अपने घरों में रखे पुराने कपड़े, जूते, किताबें और अन्य उपयोगी सामान को फेंकने के बजाय इस सेंटर को उपलब्ध करा सकते हैं। इन वस्तुओं को व्यवस्थित कर नाममात्र शुल्क पर जरूरतमंदों को उपलब्ध कराया जाएगा।

केंद्र में रसोई से निकलने वाले जैविक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन कर उच्च गुणवत्ता वाली खाद तैयार की जा रही है, जिसे आम नागरिकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

इस पहल से शहर में कचरे की मात्रा कम होगी, संसाधनों की बर्बादी रुकेगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

उद्घाटन के अवसर पर टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी अतुल भटनागर ने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से पुरानी वस्तुओं को नया जीवन मिलेगा और समाज में सहयोग की भावना मजबूत होगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि कचरे को कम करने और टिकाऊ जीवनशैली को अपनाने का यह उद्देश्य सफल हो सके।