रांची। वियतनाम में सड़क दुर्घटना का शिकार हुए रांची के कैलाश नगर निवासी योगा प्रशिक्षक राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके पैतृक आवास पहुंच गया। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने विदेश मंत्रालय और हनोई स्थित भारतीय दूतावास से समन्वय स्थापित कर पार्थिव शरीर को भारत मंगवाया। कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचने के बाद रांची जिला प्रशासन ने नि:शुल्क एंबुलेंस के जरिए शव को उनके घर भिजवाया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम विभाग की 'मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना' के तहत मृतक के आश्रितों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अब अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
