रामगढ़। जिले के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 रांची-पटना मुख्य मार्ग पर शनिवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गईl जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हृदयविदारक दुर्घटना पैंकी गांव के समीप रात करीब 1:30 बजे हुई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र अंतर्गत जंघारो गांव निवासी एक परिवार के 14 सदस्य स्कॉर्पियो वाहन संख्या BR 21P 6331 से झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने आ रहे थें, इसी दौरान पैंकी गांव के समीप स्कॉर्पियो आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से पीछे से टकरा गई, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस दर्दनाक हादसे में चार महिलाएं, पांच पुरुष और चार मासूम बच्चों समेत कुल 13 लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य विवेक कुमार की पत्नी को सरकारी शिक्षक की नौकरी मिलने की खुशी में पूरा परिवार रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहा था। विवेक कुमार के निजी स्कूल संचालक होने की भी जानकारी मिली है। परिवार के लिए यह यात्रा खुशियों और आस्था से जुड़ी थी, लेकिन रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, एसडीपीओ आलोक रंजन समेत प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लियाl प्रारंभिक पुलिस जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे अज्ञात वाहन को पीछे से टक्कर मारने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुईl पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। एक साथ 13 लोगों की मौत की इस घटना ने न केवल नालंदा के जंघारो गांव, बल्कि रामगढ़ और आसपास के क्षेत्रों को भी गहरे सदमे में डाल दिया हैl जिस परिवार ने मंदिर में पूजा कर खुशियां मनाने की तैयारी की थी, उसी परिवार में अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है।
