सरायकेला-खरसावां। जिले के गम्हरिया थाना परिसर में मानवता और खाकी की गरिमा को तार-तार करने वाली एक अत्यंत लज्जाजनक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घरेलू विवाद और पारिवारिक कलह से तंग आकर न्याय की आस में थाने पहुंची एक असहाय महिला के साथ खाकी वर्दी पहने एक सिपाही ने ही थाने के भीतर दुष्कर्म जैसी जघन्य घटना को अंजाम दिया। इस अमानवीय कृत्य के सामने आने के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गीयारी ने मुख्य आरोपी सिपाही समेत कुल चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता गुरुवार को अपने पारिवारिक विवाद से परेशान होकर अपनी शिकायत दर्ज कराने और न्याय की गुहार लगाने गम्हरिया थाना पहुँची थी। आरोप है कि थाने में तैनात आरक्षी (सिपाही) नीरज लकड़ा ने पीड़िता को मदद का झांसा दिया और अपनी हवस का शिकार बनाते हुए उसे थाने के ही एक कमरे में ले जाकर जबरन दुष्कर्म किया।
घटना की भनक लगते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एसपी मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसे जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसके साथ ही अपने कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता बरतने के आरोप में पुलिसकर्मी संजय प्रसाद (थाना प्रभारी),मनोज साहू (सब इंस्पेक्टर),अनिरुद्ध सिंह (सब इंस्पेक्टर) और संतोष राय (आरक्षी/सिपाही)को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मामले की निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित करने के लिए सरायकेला के एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है। एसडीपीओ ने भारी दल-बल के साथ थाने का निरीक्षण किया, घटनास्थल बने कमरे को सील कर दिया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है, और गहनता से जांच जारी है। कानून के दायरे में रहकर ठोस साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और इस जघन्य कृत्य में संलिप्त किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर संबंधित गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा पीड़िता को सुरक्षा प्रदान करते हुए उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है तथा मामले की हर पहलू से कड़ी कानूनी पड़ताल की जा रही है।
