लोहरदगा। झारखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लोहरदगा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 40 लाख रुपये मूल्य की हाईग्रेड ब्राउन शुगर बरामद की है और इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज कुमार, अभय कुमार, अलतमस अंसारी, वाहीद अंसारी, संदीप कुमार यादव, आर्यन राज चौधरी, रितु राज जायसवाल और सोनू राज कुमार के रूप में की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी ब्राउन शुगर की इस बड़ी खेप को एक कार की डिक्की में छिपाकर कुड़ू के रास्ते रांची ले जा रहे थे। पुलिस को तस्करी की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए नशे की खेप को थार (JH01FX0060)की डिक्की में छिपाया था, लेकिन सतर्क पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार और दो बाइकों को जब्त किया है। इसके साथ ही, गिरफ्तार आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। ब्राउन शुगर की यह खेप कहां से लाई गई थी।

रांची में इसे किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

मोबाइल फोन और संपर्कों की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि इस ड्रग्स सिंडिकेट के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।