रांची। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में पहली बार आयोजित 'झारखंड स्कूल आइडल-2026 : सुर और ताल संग्राम' का समापन शनिवार को ऑद्रे हाउस में हुआ। राज्यभर के सरकारी स्कूलों से आए विद्यार्थियों ने गायन और नृत्य में अपनी बेहतरीन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता जूनियर (कक्षा 6-8) और सीनियर (कक्षा 9-12) के दो आयु वर्गों में एकल गायन और एकल नृत्य विधाओं के तहत आयोजित की गई थी। चारों श्रेणियों में शीर्ष 5-5 स्थान पाने वाले कुल 20 प्रतिभागियों को नगद राशि और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान विजेता को ₹15,000, द्वितीय को ₹10,000, तृतीय को ₹5,000 तथा चतुर्थ व पंचम स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को ₹2,500-₹2,500 की पुरस्कार राशि दी गई।

कार्यक्रम में परियोजना निदेशक शशि रंजन ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूल के बच्चों की कला-संस्कृति प्रतिभा को निखारना है और आगे इसे और बेहतर रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कुमार संजय झा तथा पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।