बोकारो। बोकारो एयरपोर्ट से जल्द हवाई सेवाओं के संचालन की तैयारियों के तहत प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) और बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के अधिकारियों के साथ बोकारो एयरपोर्ट का संयुक्त निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।​ निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने एयरपोर्ट परिसर, रनवे, बोर्डिंग एरिया सहित तमाम मूलभूत सुविधाओं का क्रमवार अवलोकन किया।

उपायुक्त ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के प्रस्तावित निरीक्षण के मद्देनजर परिसर की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निरीक्षण से पहले परिसर में उगी घास, झाड़ियों और अवांछित पेड़-पौधों को हटाकर पूरे क्षेत्र को व्यवस्थित और निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किया जाए।​ उपायुक्त ने एयरपोर्ट के संचालन और रखरखाव से जुड़े विषयों की गहन समीक्षा की। उन्होंने इस दिशा में तेजी से काम आगे बढ़ाने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और सेल के वरीय अधिकारियों के साथ आवश्यक पत्राचार कर शीघ्र कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।