रामगढ़। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आगामी 27 नवंबर 2026 को प्रस्तावित कार्यक्रम के सफल, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने संयुक्त रूप से गोला प्रखंड अंतर्गत बरलंगा पंचायत के लुकैयाटांड स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल की भौतिक स्थिति, उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था संधारण से संबंधित विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान संभावित भीड़, आगंतुकों एवं आम नागरिकों के आवागमन, वाहनों के परिचालन, पार्किंग व्यवस्था तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की।

उपायुक्त ऋतुराज ने संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, समुचित बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, निर्बाध आवागमन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही, कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

वहीं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता एवं मुस्तैदी से कार्य करने का निर्देश दिया।

जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।मौके पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी, गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।