रांची। दुर्गा पूजा को लेकर पूजा समितियों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों में बने रहे पूजा पंडालों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। राजधानी के बकरी बाजार और आरआर स्पोर्टिंग क्लब के पूजा पंडाल की चर्चा हर बार होती है। इस बार अपर बाजार स्थित बकरी बाजार में तंजावुर के 1000 साल पुराने ऐतिहासिक बृहदेश्वर मंदिर के तर्ज पर पंडाल का निर्माण हो रहा है। यह करीब करीब पूरा हो चुका है। पंडाल की भव्यता श्रद्धालुओं और शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बननेवाली है। बकरी बाजार पूजा पंडाल की ऊंचाई 100 फीट और चौड़ाई 120 फीट है। यहां मां दुर्गा की 17 फीट ऊंची इको-फ्रेंडली प्रतिमा स्थापित की गयी है। वहीं, पंडाल के बाहर 17 फीट ऊंचे विशाल नंदीजी की प्रतिमा भी लगाई गयी है। पंडाल के निर्माण में खामी पत्ता, बांस और अन्य प्राकृतिक सामग्रियों का इस्तेमाल किया गया है। पंडाल निर्माण और लाइटिंग पर कुल 1.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
आरआर स्पोर्टिंग

रातू रोड दुर्गा मंदिर के समीप स्थित आरआर स्पोर्टिंग क्लब के पूजा पंडाल की भी खूब चर्चा है। इस बार यहां टेंपल ऑफ टुगेदर की थीम पर पंडाल को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पंडाल का बजट 80 लाख रुपए है। पंडाल 80 फीट ऊंचा और 120 फीट चौड़ा है। पंडाल को जोर-शोर से अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसका मुख्य आकर्षण पंडाल के सबसे ऊपरी हिस्से पर भगवान श्री कृष्ण की एक भव्य प्रतिमा का स्थापित किया जाना है। पंडाल की सजावट और निर्माण में बांस समेत कई पर्यावरण-अनुकूल और कलात्मक सामग्रियों का उपयोग किया गया है। मां दुर्गा की प्रतिमा को विशेष रूप से पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा और श्रृंगार में सजाया गया है। पंडाल के साथ-साथ आकर्षण बढ़ाने के लिए रातू रोड फ्लाईओवर को भी आकर्षक लाइटों से सजाया गया है। चतुर्थी के दिन पट खुलने की तिथि तय की गई है।
