गिरिडीह। शहर को स्वच्छ रखने में अहम भूमिका निभाने वाले नगर निगम के एक दैनिक सफाईकर्मी के निधन के बाद शव को कचरा उठाने वाली गाड़ी से सदर अस्पताल ले जाने का मामला सामने आया है। इस घटना ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि सरकार की ओर से नगर निगम को हाल ही में तीन शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, इसके बावजूद मृतक के शव को अस्पताल पहुंचाने के लिए शव वाहन का उपयोग नहीं किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार पचंबा थाना क्षेत्र के निवासी 30 वर्षीय सोनू हाड़ी नगर निगम में दैनिक सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत थे। तालाब में डूबने से उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले जाना था, लेकिन इसके लिए शव वाहन के बजाय कचरा ढोने वाली गाड़ी का इस्तेमाल किया गया।
इस घटना की तस्वीर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। जिस नगर निगम के भरोसे शहर की सफाई व्यवस्था चलती है, उसी के एक कर्मी के शव को कचरा गाड़ी से ले जाने की घटना को लोग अमानवीय और व्यवस्था की बड़ी चूक मान रहे हैं।
अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब नगर निगम के पास सरकार द्वारा दिए गए तीन शव वाहन मौजूद हैं, तो सोनू हाड़ी के शव को ले जाने के लिए उनका इस्तेमाल क्यों नहीं किया गया। क्या उस समय शव वाहन उपलब्ध नहीं था या फिर इसके संचालन और उपयोग को लेकर स्पष्ट व्यवस्था का अभाव है। फिलहाल इस घटना ने नगर निगम की व्यवस्था और संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
