धनबाद। धनबाद मंडल कारा में देर रात सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और संभावित गड़बड़ियों की जांच के लिए औचक छापेमारी की गई। उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में लगभग 150 जवानों की सात अलग-अलग टीमों ने जेल परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जेल के सभी वार्डों और शौचालयों/बाथरूमों की बारीकी से जांच की गई।

छापेमारी के दौरान कैदियों के पास से कागजों पर लिखे मोबाइल नंबर और ड्राई फ्रूट्स बरामद किए गए। अधिकारियों ने इन वस्तुओं व नंबरों की बरामदगी को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच की बात कही है। पुलिस और प्रशासन यह पता लगाने में जुट गया है कि कैदियों के पास मिले मोबाइल नंबर किसके हैं और उन तक कैसे पहुंचे। साथ ही, जेल के भीतर ड्राई फ्रूट्स किस माध्यम से पहुंचाए गए, इसकी भी पड़ताल की जाएगी।

छापेमारी के दौरान जेल के मेडिकल वार्ड में लगभग 40 कैदी भर्ती पाए गए। इतनी बड़ी संख्या में कैदियों के मेडिकल वार्ड में होने पर अधिकारियों ने सवाल उठाए हैं और जेल प्रशासन से इसकी पूरी जानकारी मांगी है। प्रशासन से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि इन कैदियों को किन कारणों से मेडिकल वार्ड में रखा गया है और उनके इलाज की वर्तमान स्थिति क्या है।

अधिकारी इस बात की भी जांच करेंगे कि कहीं स्वस्थ कैदियों को अनावश्यक रूप से मेडिकल वार्ड में रखकर चिकित्सा सुविधाओं का गलत इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा है। स्थिति पूरी तरह से जेल प्रशासन की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

उल्लेखनीय है कि धनबाद मंडल कारा में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का भाई बंटी खान समेत उसके कई गुर्गे बंद हैं। जेल में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता का पता लगाने के उद्देश्य से यह औचक कार्रवाई की गई।