देवघर। एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया, झारखंड राज्य चैप्टर का 25 वां वार्षिक सम्मेलन जेसिकॉन-2026 गुरुवार से शुरू हो रहा है। डाबरग्राम स्थित मैहर गार्डन रिसॉर्ट आयोजित इस तीन दिवसीय समारोह में देश भर के शल्य सर्जन जुटेंगे और इलाज की नई तकनीकों पर चर्चा करेंगे। आयोजन समिति ने बताया कि सम्मेलन में एसोसिएशन के चारों राष्ट्रीय पदाधिकारी अध्यक्ष डॉ. डी. मरुथु पांडियन, उपाध्यक्ष डॉ. प्रताप वरुटे, सचिव डॉ. गड्डी दिवाकर और कोषाध्यक्ष डॉ. मधुमिता मुखोपाध्याय के अलावा मुख्य संरक्षक रिम्स निदेशक डॉ. आरपी श्रीवास्तव और सर्जरी विभाग के एचओडी तथा बिहार-झारखंड के प्रमुख अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के वरिष्ठ चिकित्सक-शिक्षक भाग लेंगे। तीन दिनों में 40 फैकल्टी व्याख्यान, 9 अतिथि व्याख्यान और तीन ऑपरेशन होंगे और जिसमें देश भर से 100 से अधिक सर्जिकल रेज़िडेंट (पीजी चिकित्सक) हिस्सा लेंगे। देवघर में इस स्तर का सम्मेलन होने से संताल परगना और आसपास के जिलों के सर्जनों को इलाज की आधुनिक तकनीकें अपने ही शहर में सीखने का अवसर मिलेगा, जिसका लाभ आगे चलकर क्षेत्र के मरीजों को मिलेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. जुगल किशोर चौधरी, सचिव डॉ. कुमार गौरव, कोषाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार, डॉ. सुनील कुमार सिंह, डॉ. रंजन सिन्हा, डॉ. राजीव पांडेय, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. अविनाश कुमार, डॉ. चित्तरंजन, डॉ. राजेश रंजन, डॉ. विनोद, डॉ. जगजीवन, डॉ. रवि, डॉ. मृगांक, डॉ. सौरभ समेत अन्य चिकित्सक तैयारी में जुटे हुए है।

ये होंगे कार्यक्रम

20 नवंबर को सम्मेलन की शुरुआत होगी। इसके बाद लाइव ऑपरेटिव कार्यशाला होगी, जिसमें देवघर के निजी अस्पतालों के दो ऑपरेशन थिएटरों में 6 से 8 सर्जरी की जाएगी और उसका सीधा प्रसारण सम्मेलन में किया जाएगा। इनमें हर्निया और पित्ताशय (गॉल ब्लाडर) की सर्जरी शामिल हैं। लाइव एंडोस्कोपी कार्यशाला तीनों दिन चलेगी। दोपहर बाद पित्ताशय की गांठ के उपचार पर पैनल चर्चा, अंग प्रत्यारोपण पर संगोष्ठी और अतिथि व्याख्यान होंगे, जिनमें डॉ. तरुण मित्तल और कोयंबटूर के डॉ. पार्थ सारथी का व्याख्यान होगा।

21 नवंबर को पैदल चलाओ, सेहत बनाओ के संदेश के साथ साइक्लोथॉन निकाली जाएगी, जिसे आयोजन अध्यक्ष डॉ. जुगल किशोर चौधरी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। साइक्लोथॉन शिवलोक सर्जिकल हॉस्पिटल से बाजला चौक, टावर चौक और वीआईपी चौक होते हुए लगभग छह किलोमीटर की दूरी तय कर मैहर गार्डन रिसॉर्ट पहुंचेगी। इसका संदेश है कि रोज़ साइकिल चलाने जैसी नियमित शारीरिक गतिविधि मोटापा, मधुमेह और हृदय रोग से बचाव में मदद करती है। सुबह के सत्र में डॉ. मधुमिता मुखोपाध्याय और डॉ. तमोनाश चौधरी सहित विशेषज्ञों के अतिथि व्याख्यान होंगे। इसके बाद डॉ. पांडियन, डॉ. वरुटे और डॉ. दिवाकर तीन ओरेशन देंगे, जिनके विषय क्रमशः सर्जरी में हुई चूकों से सीख, ट्रॉमैटिक शॉक के उपचार की नई पद्धति और सुरक्षित सर्जरी के नए तरीके शामिल हैं। इसी दिन 66 पीजी चिकित्सक 87 प्रस्तुतियां देंगे, जिसमें साथ ही 21 शोध-पत्र, 56 ई-पोस्टर और 10 सर्जिकल वीडियो शामिल हैं। शाम में औपचारिक उद्घाटन समारोह होगा।

22 नवंबर को फैकल्टी व्याख्यान होंगे, जिनमें झारखंड में रोबोटिक सर्जरी के शुरुआती अनुभव पर भी चर्चा होगी। सुबह में पीजी क्विज होगी, जिसकी विजेता टीम एएसआई की राष्ट्रीय पीजी क्विज में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी। पुरस्कार वितरण और समापन समारोह के साथ सम्मेलन संपन्न होगा।